फर्जी मुकदमों में फंसाने का दबाव बनाकर वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा
फर्जी मुकदमों में फंसाने का दबाव बनाकर वसूली करने वाले गिरोह का खुलासा
कोतवाली शहर पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई, पांच आरोपी गिरफ्तार
कलम हिन्दुस्तानी : शमीम अंसारी
बिजनौर। थाना कोतवाली शहर पुलिस एवं स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुकदमा संख्या 706/2026 से संबंधित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह का मुख्य आरोपी जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा अपने साथियों के साथ मिलकर लोगों के आपसी विवाद व पुराने मामलों की जानकारी जुटाकर उन्हें प्रभाव में लेता था। पुलिस के मुताबिक आरोपियों द्वारा संबंधित लोगों पर समझौता करने के लिए डर-धमकी देकर धनराशि व अन्य अनुचित लाभ की मांग की जाती थी। मांग पूरी न होने पर गिरोह से जुड़ी महिलाओं व अन्य सहयोगियों के माध्यम से विभिन्न थानों व जनपदों में गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज कराने और न्यायालयों में परिवार दायर कराने की बात सामने आई है। गिरोह के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज होने का दावा विवेचना में पुलिस को बिजनौर सहित अमरोहा व अन्य जनपदों में आरोपियों के विरुद्ध कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी मिली है। गिरफ्तार आरोपियों में जुल्फेकार उर्फ बब्बू लंगड़ा, अफजाल, गुड्डी, कुन्नी और प्रीति शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य तथ्यों की जांच एवं आवश्यक विधिक कार्रवाई जारी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में स्वाट टीम प्रभारी निरीक्षक सचिन मलिक, थाना प्रभारी अवनीत मान सहित पुलिसकर्मी व सर्विलांस टीम के सदस्य शामिल रहे।
