अमरोहा की ऐतिहासिक अज़ादारी में उमड़ा जनसैलाब,

अमरोहा की ऐतिहासिक अज़ादारी में उमड़ा जनसैलाब, 

अज़ाख़ाना चांद सूरज के मुतवल्ली रज़ी हादी ने कहा यह सब इमाम हुसैन (अ.स.) का करम है

कलम हिन्दुस्तानी संवाददाता

अमरोहा। दुनियाभर में अपनी अज़ादारी की परंपरा के लिए प्रसिद्ध अमरोहा में 8 मुहर्रम का ऐतिहासिक जुलूस बुधवार को पूरे अकीदत और ग़मगीन माहौल में निकाला गया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी जुलूस मोहल्ला क़ाज़ी ज़ादा स्थित अज़ाख़ाना चांद सूरज से बरामद हुआ और शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गश्त करता हुआ शाम को पुनः अज़ाख़ाना चांद सूरज पहुंचकर सम्पन्न हुआ। जुलूस में बड़ी संख्या में अज़ादारों ने नौहाख़ानी, सीना-ज़नी और मातम के जरिए हज़रत इमाम हुसैन (अ.स.) और शहीदान-ए-कर्बला को ख़िराज-ए-अकीदत पेश किया। पूरे मार्ग पर ग़म और इबादत का माहौल देखने को मिला, जबकि अज़ादारों ने अनुशासन और श्रद्धा के साथ जुलूस में भाग लिया। अज़ाख़ाना चांद सूरज के मुतवल्ली रज़ी हादी ने जुलूस के सफल आयोजन पर सभी मोमेनीन, अज़ादारों और सहयोगियों का शुक्रिया अदा किया। उन्होंने कहा कि इमाम हुसैन (अ.स.) की अज़ादारी में अपनी सेवाएं देने वालों को जनाब-ए-फ़ातिमा ज़हरा (स.अ.) बेहतर अज्र अता फरमाएं। उन्होंने सभी से आगामी मजालिस और अज़ादारी के कार्यक्रमों में भी इसी तरह अनुशासन, एकता और अकीदत के साथ शिरकत करने की अपील की। मोमेनीन ए अमरोहा ने शासन प्रशासन के पूर्ण सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

Copyright © All rights reserved. | Powered by Kalam Hindustani Media Platform.