एआईएमआईएम ने मासूम अली को बनाया बुलन्दशहर ज़िला अध्यक्ष

कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल, बधाई देने वालों का लगा तांता

कलम हिन्दुस्तानी ब्यूरो

बुलन्दशहर। ऑल इण्डिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (ऐमिम) पार्टी ने पश्चिम उत्तर प्रदेश में संगठन को और अधिक मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। पार्टी के पश्चिम उत्तर प्रदेश अध्यक्ष महताब चौहान ने जनाब मासूम अली साहब को उनकी निरंतर लगन, निष्ठा, योगदान एवं संघर्ष को देखते हुए जनपद बुलन्दशहर का ज़िला अध्यक्ष नियुक्त किया है। नियुक्ति पत्र जारी करते हुए महताब चौहान ने कहा कि मासूम अली साहब लंबे समय से पार्टी विचारधारा के प्रति समर्पित रहकर संगठन के लिए कार्य करते आ रहे हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, जनसंपर्क और जमीनी पकड़ को देखते हुए यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी को पूर्ण विश्वास है कि वे ऐमिम की नीतियों, कार्यक्रमों और राष्ट्रीय मुद्दों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य पूरी ईमानदारी और सक्रियता के साथ करेंगे।

     नवनियुक्त ज़िला अध्यक्ष मासूम अली साहब, निवासी मोहल्ला मेवातियान, औरंगाबाद, जनपद बुलन्दशहर, ने अपनी नियुक्ति पर पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे इस जिम्मेदारी को एक चुनौती और सम्मान के रूप में स्वीकार करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे संगठन को गांव, कस्बे और शहर स्तर तक मजबूत करेंगे तथा युवाओं, अल्पसंख्यकों और समाज के दबे-कुचले वर्गों की आवाज़ को मजबूती से उठाएंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मासूम अली साहब के नेतृत्व में बुलन्दशहर जनपद में ऐमिम की गतिविधियों को नई गति मिलेगी और संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही, वे राष्ट्रीय अध्यक्ष जनाब बैरिस्टर असदुद्दीन ओवैसी साहब के हाथों को मजबूत करने की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएंगे। इस नियुक्ति की खबर सामने आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। जगह-जगह बधाइयों का सिलसिला जारी है और कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में जनपद बुलन्दशहर में ऐमिम एक सशक्त राजनीतिक ताकत के रूप में उभरकर सामने आएगी।

Copyright © All rights reserved. | Powered by Kalam Hindustani Media Platform.