जनता के समर्थन से जीता तो उतरूंगा खरा : पत्रकार शमीम अंसारी

जिला पंचायत सदस्य चुनाव ग्रामीण विकास की रीढ़

जनता के समर्थन से जीता तो उतरूंगा खरा : पत्रकार शमीम अंसारी

कलम हिन्दुस्तानी : शादाब ज़फ़र 

ब्लॉक किरतपुर (बिजनौर)। बिजनौर जिले के ब्लॉक किरतपुर अंतर्गत वार्ड नंबर–15 से जिला पंचायत सदस्य पद के मजबूत प्रत्याशी एवं वरिष्ठ पत्रकार शमीम अंसारी ने कहा कि जिला पंचायत सदस्य लोकतांत्रिक व्यवस्था की वह महत्वपूर्ण कड़ी है, जो सीधे ग्रामीण जनता से जुड़ी होती है। उन्होंने कहा कि पंचायती राज व्यवस्था के तहत जिला पंचायत सदस्य न केवल विकास योजनाओं की निगरानी करता है, बल्कि क्षेत्र की जनसमस्याओं को मजबूती से प्रशासन तक पहुँचाने का कार्य भी करता है।

       शमीम अंसारी ने कहा कि वे वर्षों से पत्रकारिता के माध्यम से जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को उठाते आ रहे हैं और आगे भी हर समस्या के समाधान के लिए संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, जल निकासी, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और रोजगार जैसे बुनियादी मुद्दों पर जिला पंचायत सदस्य की भूमिका अत्यंत प्रभावी होती है। उन्होंने बताया कि केंद्र व राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजनाएं—प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन और जल जीवन मिशन—को धरातल पर उतारने में जिला पंचायत सदस्य की सक्रिय और ईमानदार भागीदारी आवश्यक है। एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधि ही जनता की आवाज बनकर जिला पंचायत की बैठकों में क्षेत्रीय समस्याओं को मजबूती से उठाता है, उनके समाधान के लिए प्रशासन पर दबाव बनाता है और विकास कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करता है। शमीम अंसारी ने कहा कि यदि जनता का समर्थन और सहयोग उन्हें मिला, तो वे महिलाओं को सशक्त बनाने, युवाओं को रोजगार से जोड़ने और समाज में जागरूकता फैलाने को अपनी प्रमुख जिम्मेदारी मानेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि क्षेत्र की जनता का आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। 

      अंत में उन्होंने वार्ड नंबर–15 की जनता से अपील करते हुए कहा कि इस बार वे आपके बीच प्रत्याशी के रूप में खड़े हैं, इसलिए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें अपना भारी समर्थन और सहयोग प्रदान करें।

Copyright © All rights reserved. | Powered by Kalam Hindustani Media Platform.