गाजियाबाद सब्जी/फल मंडी में गोलियों की तड़तड़ाहट, भगदड़ मची
मीटिंग के दौरान बाहरी लोगों ने की फायरिंग, तीन घायल
कलम हिन्दुस्तानी संवाददाता
गाजियाबाद। नवीन फल और सब्जी मंडी, साहिबाबाद में सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब मंडी सचिव द्वारा बुलाई गई मीटिंग के दौरान कुछ बाहरी व्यक्तियों ने अचानक फायरिंग कर दी। गोली चलने से मंडी में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय मंडी परिसर में बड़ी संख्या में मंडी समिति के सदस्य, फल विक्रेता और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे। सुबह के समय मंडी में अच्छी-खासी भीड़ होती है, ऐसे में गोलीबारी ने वहां मौजूद लोगों को दहशत में डाल दिया। पुलिस ने बताया कि फायरिंग में एक व्यक्ति को गोली लगी है, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मौके पर डायल 112 और थाना पुलिस ने पहुंचकर स्थिति संभाली। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। घटना की जानकारी मिलते ही एडिशनल पुलिस कमिश्नर आलोक प्रियदर्शी सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि किस विवाद में फायरिंग हुई है। जांच जारी है।
