जारचा के विकास की नई पहचान — शान रिज़वी बने जनता की उम्मीद का चेहरा
जारचा के विकास की नई पहचान — शान रिज़वी बने जनता की उम्मीद का चेहरा
युवाओं और जनता के सहयोग से जारचा को आदर्श कस्बा बनाने का संकल्प
कलम हिन्दुस्तानी : पत्रकार मुनाज़िर हुसैन
ग्रेटर नोएडा (जारचा)। कस्बा जारचा में अब विकास की नई धारा बहने को तैयार है। यह कहना है कस्बा जारचा के युवा समाजसेवी एवं प्रधान पद के भावी उम्मीदवार शान रिज़वी का। उन्होंने बताया कि बीते तीन वर्षों से वह कस्बे की जनता की समस्याओं को लगातार शासन-प्रशासन तक पहुंचा रहे हैं, जिसके परिणामस्वरूप अब कस्बे में उल्लेखनीय विकास कार्य देखने को मिल रहे हैं।
शान रिज़वी ने बताया कि उन्होंने तहसील दिवस और समाधान दिवस पर बार-बार एसडीएम दादरी को पत्र देकर कस्बे की प्रमुख समस्याओं से अवगत कराया था। उनकी पहल पर ही लाइट व्यवस्था में सुधार, खड़ेंजे और नालियों की सफाई, तथा सीसी रोड का निर्माण कराया गया है। उन्होंने कहा कि यह तो शुरुआत है, आने वाले समय में जारचा को एक आदर्श कस्बा बनाने का संकल्प लिया गया है। जारचा में युवाओं की शिक्षा को लेकर भी शान रिज़वी ने एक बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि जारचा में लंबे समय से डिग्री कॉलेज की मांग की जा रही थी, जिसे लेकर उन्होंने कई बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में मुलाकात की है। मुख्यमंत्री से हुई वार्ताओं के सकारात्मक परिणाम अब जल्द ही सामने आने वाले हैं — बहुत जल्द जारचा में डिग्री कॉलेज का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। शान रिज़वी ने कहा कि उनकी प्राथमिकता सिर्फ चुनाव नहीं बल्कि जारचा के हर वर्ग का विकास है। आने वाले समय में वह कस्बे की अन्य समस्याओं — जैसे स्वास्थ्य केंद्र का विस्तार, जल निकासी की व्यवस्था और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर को लेकर भी मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे। उन्होंने कहा, “मेरा उद्देश्य जारचा को एक आदर्श और आधुनिक कस्बा बनाना है। जनता के सहयोग से यह सपना जल्द ही साकार होगा। जारचा के लोग अब विकास की नई उम्मीद देख रहे हैं। कस्बे के युवा शान रिज़वी की पहल को लेकर उत्साहित हैं और मानते हैं कि आने वाला समय जारचा के सुनहरे भविष्य की नींव रखेगा।
