प्रधान संपादक असलम सैफी सड़क हादसे में घायल

प्रधान संपादक असलम सैफी सड़क हादसे में घायल

पीकअप से टकराई मोटरसाइकिल, माथे पर आए 15 से अधिक टांके,  कहा “ऊपरवाले ने नयी ज़िन्दगी बख्शी”

कलम हिन्दुस्तानी ब्यूरो

गाजियाबाद। हिन्दी दैनिक कलम हिन्दुस्तानी के प्रधान संपादक असलम सैफी सोमवार तड़के एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, वे अपने डासना स्थित आवास से साहिबाबाद मंडी स्थित अपनी आढ़त की दुकान पर मोटरसाइकिल से जा रहे थे। सुबह लगभग 5 बजे जब वे डासना से साहिबाबाद की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में आगे चल रही एक पीकअप (छोटा हाथी) ने अचानक ब्रेक लगा दी।

      पीछे चल रहे असलम सैफी की मोटरसाइकिल पीकअप से टकरा गई, जिससे वे सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर एवं माथे पर गंभीर चोटें आईं। मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल मदद करते हुए उन्हें सड़क से उठाया और पास के अस्पताल में भर्ती कराया।

डॉक्टरों के अनुसार, असलम सैफी के माथे पर 15 से 16 टांके आए हैं, फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। अस्पताल में उपचार के बाद उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। घटना की जानकारी मिलते ही कलम हिन्दुस्तानी परिवार के सदस्य, सहयोगी पत्रकार एवं शुभचिंतक अस्पताल पहुंचे और उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। घायल असलम सैफी सदर साहब ने बताया  “यह सब लोगों की दुआओं और ऊपर वाले की कृपा है कि मैं आज सुरक्षित हूँ। यह हादसा बेहद भयावह था, पर अल्लाह ने मुझे नयी ज़िन्दगी बख्शी। कलम हिन्दुस्तानी परिवार की ओर से प्रधान संपादक असलम सैफी सदर साहब के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की गई है और पाठकों से भी दुआएँ करने की अपील की गई है।

 

 

Copyright © All rights reserved. | Powered by Kalam Hindustani Media Platform.