कब्रिस्तानों में अब नहीं चलेगी मनमानी वसूली
शिया वक्फ बोर्ड चेयरमैन अली जैदी ने दिए सख्त निर्देश
कब्रिस्तानों में अब नहीं चलेगी मनमानी वसूली
वक्फ बोर्ड चेयरमैन अली जैदी बोले – पारदर्शिता बनाए रखें, शोषण बंद करें
कलम हिन्दुस्तानी : अता अब्बास
लखनऊ। उत्तर प्रदेश शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड ने कब्रिस्तानों में हो रही मनमानी वसूली को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए हैं। चेयरमैन अली जैदी ने प्रदेश के कई जिलों से मिल रही शिकायतों पर गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए साफ कहा है कि अब कब्रिस्तान की जमीन पर किसी भी प्रकार की अतिरिक्त रकम वसूलना अपराध माना जाएगा। उन्होंने बताया कि वक्फ संपत्ति में दफनाने के नाम पर कुछ मुतवल्ली और प्रशासक भारी-भरकम रकम वसूल रहे हैं, जो पूरी तरह ग़ैरक़ानूनी और धार्मिक दृष्टि से अनुचित है।
केवल वास्तविक खर्च ही लिया जाए, वसूली पर होगी सख्त कार्रवाई
अली जैदी ने स्पष्ट किया कि किसी भी मृतक को वक्फ संपत्ति में दफनाने के लिए केवल कब्र की खुदाई, पटरों की व्यवस्था और कब्र को पक्का करने में आने वाला वास्तविक खर्च ही लिया जा सकता है। इसके अतिरिक्त कोई भी वसूली पूर्णतः अवैध मानी जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि इस तरह की कोई शिकायत सामने आती है, तो संबंधित मुतवल्ली या प्रशासक पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
“बिना रसीद कोई पैसा न दें” — चेयरमैन अली जैदी की अपील
चेयरमैन ने सभी वक्फ संस्थानों से कहा कि धार्मिक मर्यादा और पारदर्शिता बनाए रखें। उन्होंने जनता से अपील की कि वे बिना रसीद किसी को भी धनराशि न दें, ताकि कब्रिस्तानों में शोषण न हो और गरीबों को दफनाने के अधिकार से वंचित न किया जा सके। उन्होंने कहा, “कब्रिस्तान में जगह देने के बदले धन लेना न केवल धार्मिक रूप से अनुचित है, बल्कि वक्फ कानूनों का उल्लंघन भी है।” वक्फ बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि सभी जिलों में इस निर्देश की निगरानी की जाएगी और जो भी वसूली करता पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
