वैलेंटाइन डे पर नोएडा में दोहरी मौत से सनसनी
वैलेंटाइन डे पर नोएडा में दोहरी मौत से सनसनी
सेक्टर-107 में कार से युवक-युवती के शव बरामद, शुरुआती जांच में हत्या के बाद आत्महत्या की आशंका
कलम हिन्दुस्तानी : पत्रकार ताहिर खान
नोएडा के नोएडा के सेक्टर-107 क्षेत्र में वैलेंटाइन डे के दिन एक दर्दनाक घटना सामने आई, जिसने इलाके में हड़कंप मचा दिया। एक खड़ी कार के भीतर युवक और युवती के शव मिलने से सनसनी फैल गई। दोनों को गोली लगी हुई थी। मौके पर पहुंची पुलिस को युवक के हाथ में पिस्टल मिली, जिसके आधार पर प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि युवक ने पहले युवती को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली।
मृतकों की पहचान सुमित (32), निवासी त्रिलोकपुरी, दिल्ली और रेखा (26), निवासी सलारपुर, सेक्टर-101, नोएडा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार सुमित के संबंध में दिल्ली में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची और कार से साक्ष्य एकत्र किए। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। जांच के दौरान सुमित के मोबाइल फोन से एक व्हाट्सऐप संदेश मिला, जिसमें उसने आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी है और इसके लिए युवती को जिम्मेदार ठहराया है। संदेश में लंबे समय से संबंध और शादी के वादे का उल्लेख किया गया है। पुलिस के अनुसार कार में जबरन प्रवेश के कोई संकेत नहीं मिले हैं, जिससे आत्महत्या की आशंका मजबूत हो रही है। फिलहाल मामले की गहन जांच जारी है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

