दरगाहे आलिया नजफ ए हिन्द मे चार दिवसीय वार्षिक मजलिस कार्यक्रम की तैयारी तेज
जिलाधिकारी ने 5 मई को समीक्षा बैठक बुलाई, सभी विभागों को दिए निर्देश
कलम हिन्दुस्तानी : पत्रकार शादाब ज़फ़र
बिजनौर। जिले में आगामी 21 मई से 24 मई 2026 तक आयोजित होने वाले विश्व विख्यात दरगाह “दरगाह-ए-आलिया नजफ-ए-हिंद” जोगीरामपुरी (नजीबाबाद) के चार दिवसीय वार्षिक मजालिस कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सक्रिय हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी कार्यालय से संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, कार्यक्रम को सकुशल एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए 5 मई 2026 को दोपहर 12:30 बजे दरगाह परिसर, जोगीरामपुरी में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी द्वारा की जाएगी, जिसमें सभी संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहेंगे।
प्रशासन ने पुलिस, स्वास्थ्य, विद्युत, जल निगम, नगर पालिका, परिवहन, लोक निर्माण विभाग सहित विभिन्न विभागों को कार्यक्रम के दौरान अपनी-अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन हेतु तैयार रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी अधिकारियों को अपने विभाग की प्रगति आख्या के साथ बैठक में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। इसके अलावा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बिजली आपूर्ति, यातायात नियंत्रण और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि बड़ी संख्या में आने वाले जायरीनों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों के बीच समन्वय अत्यंत आवश्यक है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

