फर्जी आरोपों पर शिया वक्फ बोर्ड सख्त, मानहानि का नोटिस जारी
सोशल मीडिया पर दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ पुलिस और अदालत में कार्रवाई तेज
कलम हिन्दुस्तानी ब्यूरो
लखनऊ। यूपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड को बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित की जा रही कथित भ्रामक और तथ्यहीन पोस्टों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई तेज कर दी गई है। बोर्ड की ओर से संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय में वाद दायर किया गया, जिस पर अदालत ने ₹5 लाख की क्षतिपूर्ति (डैमेज) सहित मानहानि का नोटिस जारी किया है। बोर्ड के मुख्य कार्यपालक अधिकारी ज़ीशान रिज़वी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना हजरतगंज, लखनऊ को पत्र भेजकर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कठोर एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। बोर्ड का कहना है कि कुछ लोग सोशल मीडिया मंचों का दुरुपयोग कर संस्था की छवि धूमिल करने का प्रयास कर रहे हैं।
यूपी शिया सेंट्रल वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष अली ज़ैदी ने कहा कि यह कार्रवाई उन तथाकथित फर्जी पत्रकारों तथा आपराधिक प्रवृत्ति के ब्लैकमेलिंग गिरोहों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जो झूठे और निराधार आरोपों के माध्यम से संस्थाओं एवं व्यक्तियों की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि लखनऊ पुलिस और माननीय न्यायालय ऐसे तत्वों के विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे, जिससे भविष्य में किसी भी सार्वजनिक संस्था के खिलाफ असत्य एवं भ्रामक प्रचार करने वालों को स्पष्ट संदेश मिल सके।
