गाजियाबाद: मानसी ज्वेलर्स लूट का पुलिस ने किया खुलासा, मुठभेड़ में दोनों आरोपी गिरफ्तार
कलम हिन्दुस्तानी : पत्रकार सद्दाम हुसैन
स्विगी और ब्लिंकिट की ड्रेस में आए थे लुटेरे, 20 किलो चांदी और 125 ग्राम सोना लूटने के बाद हरिद्वार और बिहार में बेचने की थी कोशिश
गाजियाबाद। थाना लिंक रोड क्षेत्र के ब्रज विहार में 24 जुलाई को दिनदहाड़े हुई मानसी ज्वेलर्स लूटकांड का गाजियाबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों कपिल निवासी लोनी और मनीष निवासी सरधना, मेरठ को गिरफ्तार किया गया है। मुठभेड़ में दोनों बदमाशों को पैर में गोली लगी, जिनका इलाज फिलहाल जिला अस्पताल में चल रहा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात के दिन स्विगी और ब्लिंकिट जैसी फूड डिलीवरी कंपनियों की ड्रेस पहनकर ब्रज विहार स्थित मानसी ज्वेलर्स में प्रवेश किया और हथियार के बल पर करीब 20 किलो चांदी और 125 ग्राम सोना लूटकर फरार हो गए थे। यह पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हुआ। पुलिस ने बदमाशों के पास से ₹50,000 नकद, करीब 2 किलो चांदी, 40 ग्राम सोना, दो तमंचे, कारतूस, और फर्जी नंबर प्लेट लगी स्प्लेंडर बाइक बरामद की है। पूछताछ में खुलासा हुआ कि बदमाशों ने लूटे गए जेवरात को हरिद्वार और बिहार के समस्तीपुर में बेचने की कोशिश की थी। पुलिस के अनुसार, दोनों अपराधियों के खिलाफ पहले से ही दिल्ली-एनसीआर में हत्या, लूट और गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। लूट के खुलासे के लिए 6 पुलिस टीमें अलग-अलग इलाकों में लगातार दबिश दे रही थीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अपराधियों की गिरफ्तारी के साथ ही क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने का प्रयास तेज किया गया है। जल्द ही शेष लूटी गई संपत्ति की बरामदगी भी की जाएगी।
