गाजियाबाद पुलिस का साइबर क्राइम ऑपरेशन

गाजियाबाद पुलिस का साइबर क्राइम ऑपरेशन
 
क्रिप्टो और शेयर ट्रेडिंग ठगी के गिरोह का पर्दाफाश, तीन गिरफ्तार
 
कलम हिन्दुस्तानी : पत्रकार सद्दाम हुसैन 
 
गाजियाबाद। पुलिस की साइबर क्राइम टीम ने क्रिप्टो करेंसी और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस कार्रवाई में तीन सक्रिय आरोपियों – शिवा जायसवाल, आशीष कनौजिया और तुषार मिश्रा को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से मोबाइल फोन बरामद किए गए।
     जांच में सामने आया कि गिरोह सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर फर्जी वेबसाइट और ऐप के जरिए ठगी करता था। साइबर सेल ने तीन बड़ी घटनाओं में कुल 1.03 करोड़ रुपए की रिकवरी की है। वहीं, NCRP पोर्टल पर दर्ज 19 राज्यों की 136 घटनाओं में 77.52 करोड़ रुपए की ठगी का खुलासा हुआ। केवल गाजियाबाद में तीन पीड़ितों से करीब 10 करोड़ रुपए की ठगी की गई। आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे सुहैल और रजत के इशारे पर काम कर रहे थे। फर्जी फर्म और खातों के माध्यम से पैसे मंगाए जाते थे। अकेले शिवा और आशीष के खातों में 3.66 करोड़ रुपए ट्रांसफर हुए, जबकि तुषार के खाते में 24 लाख रुपए पहुंचे, जो आगे केरल के शमीम तक भेजे गए। जांच में पता चला कि यह गिरोह आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, पंजाब, गुजरात और दिल्ली सहित 19 राज्यों में सैकड़ों लोगों को ठग चुका है। सबसे बड़ी घटना में चेन्नई जिले के एक पीड़ित से 9 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी हुई। गाजियाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी निवेश से पहले कंपनी और वेबसाइट की पूरी जांच करें और किसी अज्ञात लिंक या ग्रुप से सावधान रहें। मामले में आगे की कार्यवाही जारी है।
Copyright © All rights reserved. | Powered by Kalam Hindustani Media Platform.