गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन पर हुआ बड़ा हादसा
दिल्ली के गोकुलपुरी मेट्रो का स्लैब गिरा, एक की मौत 4 घायल
कलम हिन्दुस्तानी ब्यूरो
दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली के गोकुलपुरी इलाके में मेट्रो का स्लैब गिर गया है। इस हादसे में एक शख्स की मौत हो गई। वहीं चार लोग घायल हुए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। हादसे में तीन से चार बाइक मलबे में दबने की सूचना मिली है। बताया जा रहा है कि यह हादसा सुबह करीब 11 बजे हुआ है। पुलिस और फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंच गई। डीएमआरसी ने गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन का एक हिस्सा ढहने की घटना में मृतक के परिवार को 15 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। साथ ही गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन का एक हिस्सा ढह जाने के पीछे के कारणों की जांच की जाएगी। डीएमआरसी ने गोकुलपुरी मेट्रो स्टेशन का एक हिस्सा ढहने की घटना में दो अधिकारियों को तत्काल रूप से निलंबित करने का आदेश दिया है।
दिल्ली के डीसीपी ने बताया कि इस मामले में कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा और आगे की जांच जारी है। वहीं इस हादसे के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं क्योंकि यह पिंक रूट मेट्रो के नए रूट में से एक है।
