किरतपुर थाना प्रांगण में समाधान दिवस आयोजित
जिलाधिकारी व पुलिस कप्तान ने सुनीं शिकायतें, त्वरित निस्तारण के दिये निर्देश
कलम हिन्दुस्तानी : पत्रकार शमीम अंसार
किरतपुर। शनिवार को थाना प्रांगण में समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी श्रीमती जसजीत कौर और पुलिस कप्तान अभिषेक झा ने आम जनता की शिकायतें सुनीं। इस मौके पर जिलाधिकारी ने बताया कि कई मामले ऐसे होते हैं जो पुलिस और राजस्व विभाग दोनों से संबंधित होते हैं। ऐसे प्रकरणों को चिन्हित कर थाना दिवस में रखा जाता है ताकि उनका शीघ्र समाधान किया जा सके। जिलाधिकारी ने कहा कि आज ऐसे ही दो-तीन प्रकरण थे जिन्हें उन्होंने यहां भेजा था। सभी शिकायतों को सूचीबद्ध कर निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने थाने के रिकॉर्ड की जांच की और पुराने मामलों के निस्तारण की स्थिति की भी जानकारी ली। जिन शिकायतों का पूर्व में समाधान किया गया था, उनकी पुष्टि के लिए शिकायतकर्ताओं से बातचीत की गई। जिलाधिकारी ने बताया कि आज प्राप्त तीन नई शिकायतों के लिए सहयोगी टीम भेजी जाएगी और प्रयास रहेगा कि इन शिकायतों का निस्तारण आज ही किया जाए।
