किरतपुर थाने के सामने श्री राम मंदिर के बाहर से बाइक चोरी
कीर्तन में शामिल होने आए व्यक्ति की मोटरसाइकिल ले उड़े चोर, पुलिस जांच में जुटी
कलम हिन्दुस्तानी : पत्रकार शमीम अंसारी
किरतपुर। नगर में बाइक चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला कोतवाली के सामने स्थित श्री राम मंदिर परिसर के पास का है, जहां कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने आए एक व्यक्ति की बाइक अज्ञात चोर चोरी कर ले गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पीड़ित रविवार शाम करीब 5 बजे श्री राम मंदिर में आयोजित कीर्तन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचा था। उसने अपनी बाइक संख्या उप20B 4714 मंदिर परिसर के सामने खड़ी कर दी थी। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटा तो उसकी बाइक मौके से गायब मिली। पीड़ित ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बाइक का कोई पता नहीं चल सका। घटना के बाद पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर पुलिस को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए बाइक बरामद करने तथा अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना कोतवाली के सामने और नगर के व्यस्त इलाके में होने से लोगों में चिंता का माहौल है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों, धार्मिक स्थलों और बाजार क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाना चाहिए। लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है। पुलिस के अनुसार घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जायेगा।
