उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मौलाना शबाब नकवी की मुलाकात, सालाना मजालिस पर हुई विस्तृत चर्चा
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मौलाना शबाब नकवी की मुलाकात, सालाना मजालिस पर हुई विस्तृत चर्चा
दरगाह कार्यक्रम के लिए सुरक्षा, यातायात व व्यवस्थाओं पर मांगा सहयोग; सरकार ने दिया पूरा आश्वासन
कलम हिन्दुस्तानी : नवाब अली
लखनऊ/बिजनौर। दरगाह ए आलिया नजफ-ए-हिन्द जोगीपुरा, नजीबाबाद के प्रशासक मौलाना सैयद शबाब नकवी ने उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से शिष्टाचार भेंट कर दरगाह पर आयोजित होने वाले सालाना मजालिस कार्यक्रम को लेकर महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। इस दौरान उन्होंने उप मुख्यमंत्री को कार्यक्रम में शामिल होने का औपचारिक निमंत्रण भी दिया।
मुलाकात के दौरान मौलाना नकवी ने सालाना मजालिस में आने वाली व्यवस्थागत चुनौतियों, सुरक्षा इंतजाम, यातायात नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि हर वर्ष इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल होते हैं, जिसके चलते सुचारु प्रबंधन और प्रशासनिक सहयोग बेहद आवश्यक हो जाता है। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन की ओर से आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को सुरक्षित, व्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा। मुलाकात को सकारात्मक और सार्थक बताते हुए मौलाना सैयद शबाब नकवी ने उप मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि प्रशासन के सहयोग से इस वर्ष का सालाना मजालिस कार्यक्रम और अधिक सुव्यवस्थित एवं सफल होगा। मुलाकात के अंत में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जीवन पर आधारित एक पुस्तक मौलाना शबाब नकवी को भेंट स्वरूप प्रदान की।
